app 173885540367a4d3eb4a931 1000315028 BTnljL

भास्कर न्यूज | टोंक मालपुरा के खटीक मोहल्ला निवासी रितिका सिंह ने एक बार फिर राजस्थान का नाम रोशन किया है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में 1-2 फरवरी को हुई नेशनल विंटर आइस स्टॉक्स चैंपियनशिप में उन्होंने चार मेडल जीते। इनमें एक गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज शामिल हैं। रितिका देश की पहली ट्रांसजेंडर खिलाड़ी हैं। चैंपियनशिप में देश के 22 राज्यों की महिला-पुरुष टीमों ने भाग लिया। रितिका ने अंडर-23 आयु वर्ग की एकल स्पर्धा के डिस्टेंस इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। टीम इवेंट में राजस्थान टीम से खेलते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। व्यक्तिगत टारगेट इवेंट में कांस्य पदक जीता। टीम इवेंट में भी कांस्य पदक जीतकर कुल चार मेडल अपने नाम किए। जयपुर की एक अन्य ट्रांसजेंडर खिलाड़ी के साथ युगल गेम में भी मेडल जीता। इससे पहले, नेशनल समर आइस स्टॉक्स चैंपियनशिप में भी रितिका सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। रितिका का कहना है कि जयपुर के किन्नर समाज की महामंडलेश्वर पुष्पाबाई और रेनबो सोसायटी की चेयरमैन ट्रांसजेंडर नूर शेखावत का उन्हें पूरा सहयोग मिला। राजस्थान आइस स्टॉक्स एसोसिएशन की साक्षी शर्मा और कोच समीर शर्मा ने भी उनका हौसला बढ़ाया। क्या है आइस स्टॉक्स आइस स्टॉक्स एक खेल है, जो सर्दियों में बर्फ की सतह पर खेला जाता है। इसमें बर्फ की एक चादर पर अलग-अलग क्षेत्र चिह्नित किए जाते हैं। सर्दियों में प्राकृतिक बाहरी बर्फ या इनडोर आइस रिंक पर इसे खेला जाता है। गुलमर्ग में हर साल नेशनल आइस स्टॉक्स चैंपियनशिप का आयोजन होता है।

By

Leave a Reply