धौलपुर के आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर स्थित कैंथरी रिसोर्ट के पीछे रोहिणी नगर कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कॉलोनी के लोगों ने जिला कलेक्टर और विद्युत निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। कॉलोनी में रह रहे 150 परिवारों के पास सड़क की सुविधा नहीं है। बरसात के मौसम में जल भराव की वजह से बच्चे लगभग 3 महीने तक स्कूल नहीं जा पाते। सड़क नहीं होने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों ने कलेक्टर से सड़क निर्माण की मांग की। बिजली की समस्या को लेकर लोगों ने विद्युत निगम कार्यालय में भी प्रदर्शन किया। कॉलोनी में एक ट्रांसफॉर्मर लगा है, जिस पर अधिक भार होने से आए दिन फ्यूज उड़ने की समस्या रहती है। कई बार शिकायत करने के बाद भी अभी तक लोड नहीं बढ़ाया गया है। निवासियों ने विद्युत निगम से ट्रांसफॉर्मर का लोड बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply