इंजीनियर बेटी ने 12वीं पास जोमैटो डिलीवरी बॉय से लव मैरिज की तो परिवार वालों को नागवार गुजरा। लड़की की मां, भाई और उसके दोस्त फॉर्च्यूनर गाड़ी से आ धमके और बाल पकड़कर घसीटते हुए उसे अपने साथ ले गए। चीख-पुकार के बाद भी काई सामने नहीं आया। जाते-जाते लड़की के पति और ननद के साथ भी मारपीट कर गए। पीड़ित पति ने अपनी सास, साले और उसके दोस्तों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला अजमेर के आदर्श नगर इलाके का है। 2 जून को हुए इस पूरे प्रकरण का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें विवाहिता के पीहर वाले उसे जबरन लेकर जाते नजर आ रहे हैं। लड़की के पति ने 3 जून को रिपोर्ट दर्ज करवाई। एसपी से शिकायत
पीड़ित पति और उसकी बहन ने एसपी वंदिता राणा से मुलाकात कर पूरा मामला बताया। पति ने बताया- वो और उनकी पत्नी आदर्श नगर इलाके के रहने वाले हैं। दोनों की 6 साल पहले मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों करीब आए और अक्सर मिलने लगे। बाद में शादी करने का फैसला किया। दोनों के परिवार को भी फैसले के बारे में बताया। लड़के के परिवार वाले मान गए, पर लड़की के घरवाले शादी के खिलाफ हो गए। पति ने आरोप लगाया कि लड़की के घरवालों ने कहा कि लड़का 12वीं पास है। ऐसे में अपनी इंजीनियर बेटी की शादी उसके साथ नहीं करेंगे। बाद में दोनों ने रजामंदी से 1 अप्रैल को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। इसकी जानकारी दोनों परिवारों को दे दी गई थी। पुलिस से सुरक्षा भी मांगी थी
इसके बावजूद लड़की के घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। वह बार-बार अपनी बेटी को उसके पति से अलग करना चाह रहे थे। 5 अप्रैल को एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। आदर्श नगर थाना पुलिस ने भी परिवार को पाबंद किया था। परेशान होकर शादी के 10 दिन बाद लड़का-लड़की इंदौर चले गए थे। इंदौर में रहकर रैपिडो और ओला के लिए काम किया था। बहन के घर जाकर मारपीट की
1 जून को दोनों पति-पत्नी अजमेर वापस आए। लड़का पत्नी के साथ बहन के ससुराल मिलने गया। इसकी भनक पत्नी के घरवालों को लग गई। लड़की की मां, भाई और उसके कुछ दोस्त फॉर्च्यूनर गाड़ी लेकर आए। वे जबरन पत्नी को बाल घसीटते हुए गाड़ी में डालकर ले गए। मैंने और मेरी बहन ने विरोध किया तो मारपीट की। मेरी बहन का मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप
पीड़ित पति ने आरोप लगाया कि पत्नी के किडनैप के बाद वह थाने गया था। उसे रात तक थाने में ही बैठाए रखा गया, पर तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी से भी शिकायत की है। उन्हें बताया है कि पत्नी के परिवार वालों से जान को खतरा है। वे धमकी दे रहे हैं। आदर्श नगर थाना प्रभारी छोटेलाल ने बताया- मामले में पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।
