डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मांडवा खापरडा गांव में ढूंढोत्सव कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे क्रूजर जीप सवार एक ही परिवार के लोगों पर बदमाशों ने पथराव और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में क्रूजर सवार 6 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उदयपुर जिले के टीडी गांव निवासी सुरेश, भगवान, मोहन हुरजी, भगवान हुरजी, सवा हुरज, बाबूलाल सवाजी क्रूजर गाड़ी से डूंगरपुर जिले के मांडवा खापरडा निवासी बंशीलाल के घर ढूंढोत्सव कार्यक्रम में आए थे। कार्यक्रम में खाना खाने के दौरान विवाद हो गया। जिसके बाद विवाद लोगों की ओर से शांत करवाया गया। उसके बाद सभी लोग क्रूजर जीप में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इस दौरान मांडवा से एक किलोमीटर दूर महुडी गांव के पास झाड़ियों में छिपे बदमाशों ने क्रूजर पर पथराव कर दिया। गाड़ी के रुकने पर बदमाशों ने लोगों पर पत्थरों और हथियारों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले में क्रूजर सवार लोग घायल हो गए। जिसमें 6 लोगों को ज्यादा चोट आई। हमलावरों के फरार होने के बाद सभी उसी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचे। जहां घायलों का इलाज जारी है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।